बाइबिल चित्रों में

मुखपृष्ठ › पुराना नियम › भजन संहिता

भजन संहिता 113

पाठ: इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी, © 2019 Bridge Connectivity Solutions, CC BY-SA 4.0। शीर्षक, परिचय और चित्र: Imago Biblia।

इस अध्याय के चित्र जल्द ही आएँगे। तब तक यहाँ पूरा पाठ पढ़ें।

यहोवा की स्तुति करो! हे यहोवा के दासों, स्तुति करो, यहोवा के नाम की स्तुति करो!

यहोवा का नाम अब से लेकर सर्वदा तक धन्य कहा जाएँ!

उदयाचल से लेकर अस्ताचल तक, यहोवा का नाम स्तुति के योग्य है।

यहोवा सारी जातियों के ऊपर महान है, और उसकी महिमा आकाश से भी ऊँची है।

हमारे परमेश्वर यहोवा के तुल्य कौन है? वह तो ऊँचे पर विराजमान है,

और आकाश और पृथ्वी पर, दृष्टि करने के लिये झुकता है।

वह कंगाल को मिट्टी पर से, और दरिद्र को घूरे पर से उठाकर ऊँचा करता है,

कि उसको प्रधानों के संग, अर्थात् अपनी प्रजा के प्रधानों के संग बैठाए। (अय्यू. 36:7)

वह बाँझ को घर में बाल-बच्चों की आनन्द करनेवाली माता बनाता है। यहोवा की स्तुति करो!