बाइबिल चित्रों में

मुखपृष्ठ › पुराना नियम › उत्पत्ति

उत्पत्ति 20
अब्राहम और अबीमेलेक

बीसवाँ अध्याय दक्षिण के गरार में घटता है। अब्राहम सारा को अपनी बहन बताता है, और राजा अबीमेलेक उसे बुलवा लेता है। पर परमेश्वर स्वप्न में राजा को चेतावनी देता है; अबीमेलेक भेंटों के साथ सारा को अब्राहम को लौटा देता है, और अब्राहम उसके और उसके घराने के लिये प्रार्थना करता है।

पाठ: इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी, © 2019 Bridge Connectivity Solutions, CC BY-SA 4.0। शीर्षक, परिचय और चित्र: Imago Biblia।

पद 1 और 2

गरार में सारा को ले जाना

फिर अब्राहम वहाँ से निकलकर दक्षिण देश में आकर कादेश और शूर के बीच में ठहरा, और गरार में रहने लगा।

और अब्राहम अपनी पत्नी सारा के विषय में कहने लगा, “वह मेरी बहन है,” इसलिए गरार के राजा अबीमेलेक ने दूत भेजकर सारा को बुलवा लिया।

गरार की शहरपनाह के सामने राजा के दो कर्मचारी सारा को नगर के फाटक की ओर ले जाते हैं, जबकि अब्राहम चिन्तित होकर अपने तम्बू से देखता है।

पद 3–7

अबीमेलेक का स्वप्न

रात को परमेश्वर ने स्वप्न में अबीमेलेक के पास आकर कहा, “सुन, जिस स्त्री को तूने रख लिया है, उसके कारण तू मर जाएगा, क्योंकि वह सुहागिन है।”

परन्तु अबीमेलेक उसके पास न गया था; इसलिए उसने कहा, “हे प्रभु, क्या तू निर्दोष जाति का भी घात करेगा?

क्या उसी ने स्वयं मुझसे नहीं कहा, ‘वह मेरी बहन है?’ और उस स्त्री ने भी आप कहा, ‘वह मेरा भाई है,’ मैंने तो अपने मन की खराई और अपने व्यवहार की सच्चाई से यह काम किया।”

परमेश्वर ने उससे स्वप्न में कहा, “हाँ, मैं भी जानता हूँ कि अपने मन की खराई से तूने यह काम किया है और मैंने तुझे रोक भी रखा कि तू मेरे विरुद्ध पाप न करे; इसी कारण मैंने तुझको उसे छूने नहीं दिया।

इसलिए अब उस पुरुष की पत्नी को उसे लौटा दे; क्योंकि वह नबी है, और तेरे लिये प्रार्थना करेगा, और तू जीता रहेगा पर यदि तू उसको न लौटाए तो जान रख, कि तू, और तेरे जितने लोग हैं, सब निश्चय मर जाएँगे।”

रात को अपने कमरे में राजा अबीमेलेक प्रकाश की एक किरण में डरकर हाथ उठाए बिस्तर पर उठ बैठता है; उसका मुकुट दीपक के पास मेज़ पर रखा है।

पद 8–13

“तूने हम से यह क्या किया?”

सवेरे अबीमेलेक ने तड़के उठकर अपने सब कर्मचारियों को बुलवाकर ये सब बातें सुनाईं; और वे लोग बहुत डर गए।

तब अबीमेलेक ने अब्राहम को बुलवाकर कहा, “तूने हम से यह क्या किया है? और मैंने तेरा क्या बिगाड़ा था कि तूने मेरे और मेरे राज्य के ऊपर ऐसा बड़ा पाप डाल दिया है? तूने मेरे साथ वह काम किया है जो उचित न था।”

फिर अबीमेलेक ने अब्राहम से पूछा, “तूने क्या समझकर ऐसा काम किया?”

अब्राहम ने कहा, “मैंने यह सोचा था कि इस स्थान में परमेश्वर का कुछ भी भय न होगा; इसलिए ये लोग मेरी पत्नी के कारण मेरा घात करेंगे।

इसके अतिरिक्त सचमुच वह मेरी बहन है, वह मेरे पिता की बेटी तो है पर मेरी माता की बेटी नहीं; फिर वह मेरी पत्नी हो गई।

और ऐसा हुआ कि जब परमेश्वर ने मुझे अपने पिता का घर छोड़कर निकलने की आज्ञा दी, तब मैंने उससे कहा, ‘इतनी कृपा तुझे मुझ पर करनी होगी कि हम दोनों जहाँ-जहाँ जाएँ वहाँ-वहाँ तू मेरे विषय में कहना कि यह मेरा भाई है।’”

महल के एक कक्ष में अबीमेलेक हाथ फैलाकर अब्राहम से पूछता है, जो छाती पर हाथ रखे सिर झुकाता है; राजा के सेवक चिन्तित होकर सुनते हैं।

पद 14–16

सारा अब्राहम को लौटाई गई

तब अबीमेलेक ने भेड़-बकरी, गाय-बैल, और दास-दासियाँ लेकर अब्राहम को दीं, और उसकी पत्नी सारा को भी उसे लौटा दिया।

और अबीमेलेक ने कहा, “देख, मेरा देश तेरे सामने है; जहाँ तुझे भाए वहाँ रह।”

और सारा से उसने कहा, “देख, मैंने तेरे भाई को रूपे के एक हजार टुकड़े दिए हैं। देख, तेरे सारे संगियों के सामने वही तेरी आँखों का परदा बनेगा, और सभी के सामने तू ठीक होगी।”

महल के सामने अबीमेलेक सारा को अब्राहम को लौटाता है, जो उसकी ओर हाथ बढ़ाता है; एक सेवक चाँदी की थैली देता है, और बैल और भेड़-बकरियाँ लाई जाती हैं।

पद 17 और 18

अब्राहम की प्रार्थना

तब अब्राहम ने यहोवा से प्रार्थना की, और यहोवा ने अबीमेलेक, और उसकी पत्नी, और दासियों को चंगा किया और वे जनने लगीं।

क्योंकि यहोवा ने अब्राहम की पत्नी सारा के कारण अबीमेलेक के घर की सब स्त्रियों की कोखों को पूरी रीति से बन्द कर दिया था।

महल के आँगन में अब्राहम एक दरी पर घुटने टेककर हाथ उठाए अबीमेलेक, उसकी पत्नी और दासियों के सामने प्रार्थना करता है, जो सिर झुकाए खड़े हैं।